भारतीय थल सेनाध्यक्ष के रूप में जनरल बिक्रम सिंह का कार्यकाल दो वर्ष और तीन महीने के लिए है. जनरल बिक्रम सिंह सिख लाइट इंफेंट्री रेजीमेंट में 31 मार्च 1972 को कमीशन प्राप्त किया थे. भारतीय सैन्य अकादमी में जनरल बिक्रम सिंह को रणनीति एवं नेतृत्व के लिए स्वर्ण पदक मिला था. इंफेंट्री स्कूल में प्रशिक्षण के दौरान उन्हें कमांडो डैगर और बेस्ट इन टैकटिक्स ट्राफी भी मिली थी.
ज्ञातव्य हो कि जनरल बिक्रम सिंह प्रथम भारतीय सेना प्रमुख हैं, जो किसी युद्ध में शामिल नहीं हुए हैं. भारत-पाकिस्तान अंतिम युद्ध 1971 में हुआ था. करगिल युद्ध के दौरान जनरल बिक्रम सिंह भारतीय क्षेत्र से दुश्मन के सैनिकों को खदेड़ने के लिए सेना के अभियान की प्रगति के बारे में मीडिया को नियमित जानकारी मुहैया कराते थे.
अंतरराष्ट्रीय अनाज परिषद ने वर्ष 2012-13 में गेहूं का कुल वैश्विक उत्पादन 6,710 लाख टन रहने का अनुमान लगाया. 28 मई 2012 को अंतरराष्ट्रीय अनाज परिषद ने अपना अनुमान जारी किया. अंतरराष्ट्रीय अनाज परिषद ने अप्रैल 2012 में वर्ष 2012-13 में गेहूं का कुल वैश्विक उत्पादन 6,760 लाख टन रहने का अनुमान लगाया था. यूरोप, रूस और मोरक्को में मौसम की प्रतिकूल स्थितियां रहने की संभावना से अंतरराष्ट्रीय अनाज परिषद ने अनुमान घटा दिया.
अंतरराष्ट्रीय अनाज परिषद की अनुमान रिपोर्ट के अनुसार दुनिया के सबसे बड़े उत्पादक देश चीन में 1000 लाख टन गेहूं का उत्पादन होने का अनुमान है जबकि भारत में 902.3 लाख टन उत्पादन रह सकता है. रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2012-13 में गेहूं का अंतरराष्ट्रीय कारोबार 74 लाख टन घटकर 1360 लाख टन रहने का अनुमान है जबकि वर्ष 2011-12 में 1430 लाख टन गेहूं का वैश्विक कारोबार हुआ था.
ज्ञातव्य हो कि वर्ष 2011-12 में 6,950 लाख टन वैश्विक गेहूं उत्पादन रहा था.
वेस्टर्न ऑस्ट्रेलियन इंस्टिट्यूट फॉर मेडिकल रिसर्च के वैज्ञानिकों ने टीएनएफ-अल्फा नामक एक प्रोटीन की खोज की. यह शरीर की प्रतिरक्षा कोशिकाओं को कैंसर ट्यूमर के अंदर घुसने और कैंसर कोशिकाओं से लडऩे में मदद करता है. यह खोज वेस्टर्न ऑस्ट्रेलियन इंस्टिट्यूट फॉर मेडिकल रिसर्च के प्रोफेसर रूथ गांस के नेतृत्व में एक अंतरराष्ट्रीय टीम ने की.
परीक्षण के दौरान टीएनएफ-अल्फा सीधे अग्नाशय के ट्यूमर में प्रवेश कर गया और उससे ट्यूमर के बाहर की कोशिकाओं को कोई नुकसान नहीं पहुंचा. परीक्षण के दौरान इस प्रोटीन ने ट्यूमर के भीतर रक्त नलिकाओं पर विशेष रूप से असर किया और प्रतिरक्षा कोशिकाओं के अंदर प्रवेश करने के लिए रास्ता तैयार कर दिया. इस अनुसंधान के परिणाम प्रोसीडिंग्स ऑफ द नेशनल एकेडमी ऑफ साइंसेज नामक पत्रिका में मई 2012 के अंतिम सप्ताह में प्रकाशित हुए.
कोलकाता नाइटराइडर्स के ऑफ स्पिनर सुनील नारायण को आईपीएल-5 का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया. मूल रूप से वेस्ट इंडीज के सुनील नारायण ने टूर्नामेंट में 24 विकेट लिए. सुनील नारायण को गोल्डन प्लेयर अवॉर्ड के लिए दस लाख रुपये का पुरस्कार मिला.
आईपीएल-5 में किंग्स इलेवन पंजाब के मनदीप सिंह को उभरते स्टार का पुरस्कार मिला. किंग्स इलेवन पंजाब के ही डेविड हसी को सबसे बेहतरीन कैच का पुरस्कार मिला. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के क्रिस गेल को टूर्नामेंट में सर्वाधिक रन (733) बनाने के लिए ऑरेंज कैप और दस लाख रुपये दिए गए. दिल्ली डेयरडेविल्स के मॉर्ने मॉर्केल (25 विकेट) को पर्पल कैप मिली. राजस्थान रॉयल्स को फेयरप्ले पुरस्कार मिला.
चीन ने रेडियो एवं टीवी प्रसारण और मल्टीमीडिया संचार को बढ़ावा देने के लिए चाइनासेट2ए नामक दूरसंचार उपग्रह का सफल प्रक्षेपण 26 मई 2012 को किया. लांग मार्च-3बी प्रक्षेपण यान की सहायता से जिचांग उपग्रह प्रक्षेपण केंद्र से चाइनासेट2ए नामक दूरसंचार उपग्रह को कक्षा में स्थापित किया गया.
चाइना सैटेलाइट कॅम्युनिकेशन कंपनी लिमिटेड के अनुसार चाइना एकेडमी ऑफ स्पेस टेक्नोलॉजी ने चाइनासेट2ए उपग्रह का विकास किया है. इसका प्रयोग चीन के रेडियो और टेलीविजन प्रसारण और ब्रॉडबैंड मल्टीमीडिया संचार की जरुरतों को पूरा करने के लिए किया जाएगा.
निजी क्षेत्र के एक्सिस बैंक ने बहरीन से भारतीयों को धनराशि स्थानांतरित करने की सुविधा देने के लिए आली यूनाइटेड बैंक के साथ समझौता किया. एक्सिस बैंक और आली यूनाइटेड बैंक के मध्य हुए समझौते के तहत कोई भी प्रवासी भारतीय जो बहरीन के आली यूनाइटेड बैंक का ग्राहक है इस ऑनलाइन सुविधा का लाभ उठा सकेगा.
मेजबान चीन ने दक्षिण कोरिया को हराकर लगातार पांचवीं बार थामस कप का खिताब 27 मई 2012 को जीत लिया. चीन की पुरुष टीम ने कोरिया को 3-0 से हराया. लिन डैन ने कोरिया के ली ह्युन को 21-14, 21-17 से हराया.
चेन लोंग ने थामस कप 2012 के दूसरे एकल मैच में कोरिया के शेन वान हो को 21-9, 21-13 से हराया. जबकि चीन की काइ युन और फू हाइफेंग की जोड़ी ने कड़े मुकाबले में ली यंग डेई और किम सा रांग की जोड़ी को 21-16, 25-23 से हराया.
थामस कप पुरुषों का बैडमिंटन टूर्नामेंट है.
5 जून: विश्व पर्यावरण दिवस
विश्व पर्यावरण दिवस 5 जून 2012 को मनाया गया. इसका उद्देश्य लोगों को स्वच्छ वातावरण के महत्त्व के बारे में जागरूक बनाना है. वर्ष 2012 के विश्व पर्यावरण दिवस का विषय है. हरित अर्थव्यवस्था: क्या आप इसमें शामिल हैं ?
विदित हो कि विश्व पर्यावरण दिवस संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम द्वारा प्रतिवर्ष 5 जून को मनाया जाता है. विश्व पर्यावरण दिवस की स्थापना संयुक्त राष्ट्र महासभा में वर्ष 1972 में की गई. पहला विश्व पर्यावरण दिवस वर्ष 1973 में मनाया गया था.
विदित हो कि विश्व पर्यावरण दिवस संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम द्वारा प्रतिवर्ष 5 जून को मनाया जाता है. विश्व पर्यावरण दिवस की स्थापना संयुक्त राष्ट्र महासभा में वर्ष 1972 में की गई. पहला विश्व पर्यावरण दिवस वर्ष 1973 में मनाया गया था.
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नई दिल्ली में विज्ञान एक्सप्रैस-जैव विविधता नाम से एक विशेष रेलगाड़ी का शुभारंभ किया गया. इसका उद्देश्य देश की अनूठी जैव विविधता के बारे में जागरूकता पैदा करना है. इस रेलगाड़ी के 16 में से 8 डिब्बों में देश के विभिन्न जैव भौगोलिक क्षेत्रों में फैली जैव विविधता के दर्शन होंगे. इनमें जैव विविधता और आजीविका के बीच का संबंध भी प्रदर्शित होगा.
खेल चैनल ईएसपीएन स्टार स्पोर्ट्स और इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड के बीच अंतरराष्ट्रीय और घरेलू मैचों के प्रसारण के लिए सात वर्ष का समझौता हुआ है. ईएसपीएन स्टार स्पोर्ट्स के अनुसार यह समझौता वर्ष 2013 से 2019 तक के लिए हुआ है.
ईएसपीएन स्टार स्पोर्ट्स और इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड के बीच हुए समझौते के तहत इंग्लैंड में होने वाले अंतरराष्ट्रीय और घरेलू क्रिकेट मैचों के टेलीविजन, आनलाइन, मोबाइल और रेडियो अधिकार ईएसपीएन स्टार स्पोर्ट्स के पास रहेंगे. इस दौरान इंग्लैंड में होने वाले मैचों का भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका और बंगलादेश के अलावा एशिया के अन्य क्षेत्रों और उत्तर अफ्रीका के देशों में प्रसारण ईएसपीएन स्टार स्पोर्ट्स करेगा.
वर्ष 2013 से 2019 तक ईएसपीएन स्टार स्पोर्ट्स एक वर्ष में 300 से अधिक दिन तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच का प्रसारण करेगा. इनमें 47 टेस्ट मैच, 63 एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय और 15 ट्वेंटी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच शामिल हैं. इस दौरान भारतीय टीम के 2014 और 2018 के इंग्लैंड दौरे तथा 2013, 2015 और 2019 में होने वाली एशेज श्रृंखला का प्रसारण भी ईएसपीएन स्टार स्पोर्ट्स पर ही किया जाएगा. इसके अलावा ईएसपीएन स्टार स्पोर्ट्स प्रत्येक साल 60 दिन इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड के घरेलू क्रिकेट मैचों का भी प्रसारण करेगा.
भारत की स्वप्नाली यादव ने मलेशिया में आयोजित जूनियर अंतरराष्ट्रीय ट्राइथलान 2012 में रजत पदक जीता. तेरह वर्षीय स्वप्नाली यादव ने 0:33:05 सेकेंड के कुल समय के साथ रजत पदक जीता. जो बॉडन ने स्वर्ण पदक जबकि नुरालिया मोहम्मद शमशीर ने कांस्य पदक प्राप्त किया.
स्वप्नाली यादव ने जूनियर अंतरराष्ट्रीय ट्राइथलान 2012 में 300 मी तैराकी में 0:05:01 सेकेंड, आठ किमी साइकिलिंग में 0:16:41 सेकेंड और दो किमी की दौड़ 0:11:23 सेकेंड में पूरी की. उनका कुल समय 0:33:05 सेकेंड का रहा.
केंद्रीय योजना आयोग ने गुजरात में तटीय पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 1,200 करोड़ रुपये के विशेष अनुदान को मंजूरी दी. गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी और योजना आयोग के उपाध्यक्ष मोंटेक सिंह अहलूवालिया के बीच एक जून 2012 को दिल्ली में हुई बैठक के दौरान इस विशेष अनुदान को मंजूरी दी गई.
गुजरात के पर्यटन सचिव विपुल मित्रा के अनुसार गुजरात सरकार द्वारा राज्य में तटीय पर्यटन के विकास से जुड़ी एक परियोजना का मसौदा योजना आयोग को सौंपा गया था. इसके आधार पर केंद्र की ओर से 1,200 करोड़ रुपए की मंजूरी दी गई. 1,200 करोड़ रुपए की धनराशि पांच वर्ष की समयसीमा में मिलेगा. वित्त वर्ष 2012-13 में 306 करोड़ रुपए गुजरात को मिलने हैं.
ज्ञातव्य हो कि गुजरात में 1,600 किलोमीटर का तटीय क्षेत्र है और राज्य की सरकार 10 समुद्री तटों को पर्यटन के लिहाज से विकसित कर रही है. गुजरात में जिन 10 समुद्री तटों को विकसित किया जा रहा है, उनमें वडोदरा जिले में नारगोल एवं टिटहल, भावनगर जिले में गोपनाथ एवं भवानी, अमरेली जिले में सारकेर, जूनागढ़ में अहमदपुर मांदवी एवं माधवपुर, पोरबंदर जिले में मियानी तथा कच्छ जिले में मिपंगलेर एवं मांदवी शामिल हैं.
No comments:
Post a Comment